एचआरपीजी कॉलेज से रविवार सुबह पोलिंग पार्टियाें की रवानगी हुई। इस दौरान कॉलेज से शुगर मिल परिसर तक का माहौल मेले जैसा नजर आया।
- फोटो : अंबरीष प्रसाद मिश्र
लोकतंत्र के महापर्व को संपन्न कराने के लिए एचआरपीजी कॉलेज से रविवार सुबह पोलिंग पार्टियाें की रवानगी हुईं। इस दौरान कॉलेज से शुगर मिल परिसर तक का माहौल मेले जैसा नजर आया। कॉलेज परिसर में जहां मतदानकर्मी ईवीएम और मतदान सामग्री लेने के लिए जूझते नजर आए। वहीं कई महिलाएं वोटिंग कराने के लिए छोटे बच्चों के साथ पहुंची।
रविवार सुबह आठ बजे से पोलिंग पार्टियों को सामग्री मिलनी शुरू हो गई थी।
परिसर से बाहर तक मतदान कार्मियों की भारी भीड़ एकत्र रही। ऐसे में चाय-पान, गुटखा, खोमचे वालों ने अपनी दुकानें सजा रखीं थी। दुकानदारों का कहना था कि भीड़ उन्हें यहां खींच लाई, इसी बहाने कुुछ कमाई हो गई। परिसर में मतदान कार्मियों को ध्वनि विस्तारक यंत्र से सामग्री लेने की सूचना प्रचारित की जाती रही, इसके बाद भी तमाम कार्मिक परेशान दिखे। जिन लोगों को सामग्री मिली वह अपने बूथ के लिए रवाना होने वाले वाहन की तलाश में भटकते रहे।
सबसे ज्यादा परेेशानी महिला कार्मियों को हुई, जिन महिला कार्मियों के साथ छोटे बच्चे थे, वह अपने बच्चों को परिवार के किसी सदस्य को सुपुर्द कर सामग्री लेने के लिए जूझती रहीं।कुछ मतदान कर्मी तो बाहर आकर यह पता करने में लगे रहे हैं कि जिन बूथ पर उनकी ड्यूटी लगी है वह कितनी दूर हैं, तो कुछ कार्मिक ड्यूटी कटवाने के लिए भी परेेशान रहे।