धनघटा/मेंहदावल। सरयू नदी का पानी बुधवार को धनघटा में स्थिर रहा। 78.55 मीटर पर नदी आज भी बह रही है। नदी का पानी स्थिर होने से दियारा क्षेत्र के लोग जहां राहत की सांस लिए, वहीं सिंचाई विभाग भी सुकून महसूस किया।
सरयू नदी धनघटा तहसील क्षेत्र में 32 किलोमीटर की लंबाई में बहती है। नदी का पानी जब बढ़ता है तो नदी और बांध के बीच बसे गांवों को चपेट में लेते हुए एमबीडी बांध तक पहुंचकर बांध पर दबाव बनाना शुरू कर देता है। इस वर्ष नदी का पानी कहीं-कहीं अपने धारा में ही है तो कहीं-कहीं फसलों को डुबाते हुए एमबीडी बांध तक पहुंच कर बांध पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
पश्चिम में पड़रिया के पास नदी का पानी बांध से सटकर बह रहा है। पूरब में गायघाट दक्षिणी, ढोलबजा, गुनोतिया, चकदहा, सुअरहा, मौर गांव के पास पहुंचकर नदी का पानी रुक गया है। वहीं मेंहदावल में राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। बुधवार को नदी का जलस्तर 75.60 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 79.50 मीटर से 3.90 मीटर नीचे है। जलस्तर घटने से बाढ़ का खतरा पूरी तरह टल गया है और नदी किनारे बसे गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
सिंचाई विभाग के अनुसार सोमवार को जलस्तर 75.63 और मंगलवार को 75.69 मीटर रहा। अब नदी का जलस्तर 2.11 मीटर घट चुका है। पांच दिन पहले नदी में अचानक करीब 2 मीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इससे नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को लेकर लोग सहम गए थे, लेकिन लगातार घटाव के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई है। तहसीलदार अल्पिका वर्मा ने बताया कि नदी फिलहाल खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है। फिलहाल खतरे जैसी कोई बात नहीं है।