तुर्कवलिया के पास नदी में की गयी बोल्डर पिचिंग
महुली। सरयू का जलस्तर पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। दो दिन में 15 सेंटीमीटर जलस्तर में वृद्धि हुई है। दो दिन पहले सरयू नदी खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर नीचे था। बृहस्पतिवार की शाम 4 बजे तक जलस्तर खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर नीचे तक पहुंच चुका था। नदी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं।
सरयू नदी पर बने 32 किलोमीटर लंबे एमबीडी बांध और सरयू नदी की मुख्य धारा के बीच कुल 32 गांव आबाद हैं। इन गांवों के अगल-बगल बह रही सरयू नदी की उपधाराओं में पानी लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र के सीता राम, रूदल, इंद्रेश निषाद संजय निषाद, आदि का कहना है कि धान, परवल, पशुओं के लिए बोई गई चरी आदि डूब जाने का डर है। पशुओं के लिए चारा लेने के लिए नाव से जाना पड़ता है।
वहीं एमबीडी बांध के तट पर बसे रामपुर परडिया, नकहा, तेजपुर, भोतहा, नरायनपुर, छपरा मगर्वी का कुर्मियान टोला आदि गांव के लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। बांधों पर अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। कटान वाले क्षेत्रों में लोगों की सांसे एक बार फिर टंगी हुई दिखाई दे रही हैं। बांधों में लगातार सात दिनों तक पानी जमा होने से बंधे गीले हो गए थे, ऐसी स्थिति में कटान की आशंका बनी हुई है।