धनघटा। हैंसर ब्लाक क्षेत्र स्थित कटार मिश्र पुल का एप्रोच धंसने से आवागमन प्रभावित हो गया है। दो महीने पहले एप्रोच धंसने की शुरुआत हुई। स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से एप्रोच के मरम्मत की मांग की, लेकिन विभागीय लापरवाही से मरम्मत नहीं हुई। पिछले दिनों हुई बारिश में एप्रोच जगह-जगह धंस गया। इससे आवागमन बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने रविवार को जिम्मेदार विभाग की ओर से बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर एप्रोच की मरम्मत नहीं हुई तो आसपास के ग्रामीण धनघटा तहसील पर प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। प्रदर्शन में शामिल कटार मिश्र निवासी बबलू कुमार, श्रीराम पांडेय, हीरा गौतम, राम आशीष गौतम, अहमद हसन, राकेश चौहान, शेषनाथ, अब्दुल हसन, गुलशन कुमार, राम प्रकाश यादव, अभिनव प्रताप मिश्रा, आरके पांडेय ने कहा कि पुल का एप्रोच की जर्जर स्थित खतरे को दावत दी रही है।
यही नहीं पुल के एप्रोच से जुड़े पीडिया-प्रजापतपुर मार्ग गड्ढे में तब्दील है। इसके बाद भी विभाग लापरवाह बना हुआ है। एप्रोच व उससे जुड़े मार्ग की मरम्मत की मांग को संबंधित विभाग अनदेखा कर रहा है। यदि समय रहते विभाग सचेत नहीं हुआ तो अप्रिय घटना होने से इन्कार नहीं किया जा सकता।