संतकबीरनगर। निगम के दावों के बावजूद जिला मुख्यालय पर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। शनिवार को दिन में टाउन टू फीडर में फाॅल्ट के चलते करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ा।
शहर के टाउन टू की बिजली सप्लाई हाईडिल से की जाती है। यहां पर सुबह करीब 11 बजे फाॅल्ट हो गया। इसकी वजह से करीब तीन बजे तक शहर में मुखलिसपुर तिराहा, पुरानी सब्जी मंडी, एनडी पांडेय गली सहित विभिन्न मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से लोग उमस भरी गर्मी से जूझते रहे।
सब्जी मंडी निवासी अजय वर्मा, सुधीर कुमार आदि ने बताया कि बिजली गुल होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटाैती की वजह से पानी की समस्या भी हुई, जिससे लोग बेहाल रहे। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद बिजली कर्मियों ने फाॅल्ट ठीक किया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
अधिशाषी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।