संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान जिले को सूखा ग्रस्त घोषित करने के साथ ही सीएम को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र डीएम को सौपा।
जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक अब्दुल कलाम ने कहा कि जिले में अभी तक बारिश न होने के कारण खरीफ (धान आदि) की फसल सूख गई हैं। लगातार अवर्षण के कारण किसानों और आम जनमानस में त्राही-त्राही की स्थिति है। बारिश न होने के कारण भूगर्भ का जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे हैंडपंप सूख जा रहे हैं, जिससे पीने के पानी की भी समस्या हो गई है।
ऐसी परिस्थितियों में जिले को तत्काल सूखा ग्रस्त घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद की किल्लत से किसान परेशान है। किसान की परेशानियों को देखते हुए समस्त सोसायटी पर पर्याप्त मात्रा में डाई, यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। कैराना लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के खिलाफ मुरादाबाद निवासी एक व्यक्ति की ओर से सोशल मीडिया, व्हॉट्सएप, फेसबुक के जरिये अत्यंत आपत्तिजनक पोस्ट की गई है। यह व्यक्ति स्वयं को करणी सेना का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बता रहा है। इससे हर वर्ग की महिलाओं के सम्मान को गहरा आघात लगा है।
यही नहीं जनपद शामली के एडीएम की ओर से सांसद इकरा हसन के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। इन दोनों मामलों में कठोरतम कार्रवाई की जाए। जिले में बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।