संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे बंगला ताल के पास एक सप्ताह पूर्व देर रात को एक कारोबारी को थप्पड़ मारकर बदमाश मोबाइल फोन व सोने का चेन लूट ले गए। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अंधेरा होने के कारण पुलिस को कामयाबी नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह से लुटेरे नजर नहीं आ रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गुलाम राय गांव निवासी संदीप कुमार सिंह के अनुसार 20 जुलाई को रात लगभग नौ बजे वह बाइक से खलीलाबाद शहर के गायत्री मंदिर के पास स्थित अपने मकान पर आ रहे थे। उसी दौरान बंगला ताल से पहले तीन बाइक पर चार लोग पीछे से आकर उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगा ली। उन्हें थप्पड़ मारते हुए बाइक की चाभी भी निकाल ली। उनका मोबाइल फोन और सोने का चेन लेकर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया। साथ ही घटना के अनावरण के लिए एसओजी के साथ ही अन्य टीमों को लगाया गया है। जानकारों की मानें तो घटना के समय हाईवे पर अंधेरा था। इसके अलावा जो भी सीसीटीवी की जांच पुलिस टीम ने की है, उसमें कुछ साफ नजर नहीं आ रहा है। अंधेरा हाेने के कारण घटना का खुलासा नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अब पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
0000000000000000000000
लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। मामले की प्रगति के संबंध में टीम से जानकारी ली जाएगी।
शशि शेखर सिंह, एएसपी