संतकबीरनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की बीएड परीक्षा में शनिवार को 19 परीक्षार्थी नकल करते हुए पाए गए है। इन सभी को रस्टीकेट कर दिया गया है। इसमें सबसे ज्यादा एचआरपीजी कॉलेज में 12 परीक्षार्थी पकड़े गए है। इतनी संख्या में परीक्षार्थियों के रस्टीकेट होने पर हड़कंप मच गया है।
बीएड प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थियों के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए है। यहां 32 महाविद्यालयों के 4413 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इसमें 2297 छात्राएं और 2116 छात्र हैं। इन केंद्रों में एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद, पंडित सूर्यनारायण चतुर्वेदी महाविद्यालय नाथनगर, प्रेमलता महाविद्यालय अछिया, जीपीएस महाविद्यालय खलीलाबाद, प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद और गंगा देवी कपिलदेव तिवारी महाविद्यालय भुजैनी शामिल हैं।
परीक्षा के नोडल एचआरपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा छह केंद्रों पर शुरू हुई है। आंतरिक सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसमें एचआरपीजी कॉलेज में 10 छात्र और दो छात्राएं नकल सामग्री के साथ पकड़े गए, जिन्हें रस्टीकेट कर दिया गया है। इसके अलावा गंगा देवी कपिलदेव तिवारी महाविद्यालय भुजैनी में तीन छात्र नकल करते हुए पाए गए तो वहीं प्रभा देवी महाविद्यालय में चार छात्र नकल सामग्री के साथ पकड़े गए हैं। सभी को रस्टीकेट कर दिया गया है। इसके साथ ही 136 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है।