सांथा चौराहे से लोहरसन जाने वाले मार्ग के फुटपाथ पर लगी दुकान।
सांथा। चौराहे का अतिक्रमण हर व्यक्ति के लिए समस्या बन गया है। सड़क तक दुकानों का सामान फैला होने से सड़क सिकुड़ती जा रही है। आए दिन लोगों को जाम में फंसकर परेशान होना पड़ता है। अतिक्रमणकारियों को प्रशासन का बिल्कुल भी डर नहीं है।
विकास खंड का सांथा चौराहा इन दिनों अतिक्रमण के गिरफ्त में है। चौराहे के चारों तरफ मार्ग पर आए दिन अधिकारी निकलते रहते हैं। वह भी देर तक जाम में फंसे रहते है। लेकिन उसके बाद भी अतिक्रमण करने वालों को डर नहीं है। सड़क किनारे जगह-जगह बड़े दुकानदारों ने फुटपाथ पर कब्जा जमा लिया है जिससे सड़क संकरी हो गई है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। बाजार के अधिकतर दुकानदार अपनी दुकान की सीमा से बाहर भी सामान रखे हैं। जिसका खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ता है।