एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी भुट्टू अली पुत्र नूर मोहम्मद शाह निवासी गोपालगंज (बिहार) धनघटा और महुली थाने में दर्ज चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 12 मुकदमें दर्ज हैं।
धनघटा और महुली पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र की ओर से घोषित 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी समेत तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
आरोपियों के कब्जे से 23 किलो 810 ग्राम गांजा, एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसपी संदीप कुमार मीना ने रिजर्व पुलिस लाइन में घटना का अनावरण किया और संयुक्त कार्रवाई करने वाली धनघटा और महुली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी भुट्टू अली पुत्र नूर मोहम्मद शाह निवासी गोपालगंज (बिहार) धनघटा और महुली थाने में दर्ज चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 12 मुकदमें दर्ज हैं।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की एक पिकअप में सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति अशरफपुर बाजार क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर चालक बैरियर तोड़ते हुए सिरसी की ओर भाग निकला।
सूचना पर महुली पुलिस ने भी घेराबंदी कर दी। दोनों ओर से घिरने पर आरोपी भागने लगे, लेकिन उनकी पिकअप एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। हादसे में चालक के पैर में चोट आने पर उसे सीएचसी हैंसर बाजार भेजा गया।
तलाशी के दौरान शाह गुलाम जिलानी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर धनघटा थाने में बीएनएस, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में यह आया सामने
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले वे चोरी और गोवंश तस्करी करते थे, लेकिन अब गांजा तस्करी कर विभिन्न क्षेत्रों में उसकी बिक्री करते हैं। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कबाड़ और नए पार्ट्स जोड़कर बिना नंबर की पिकअप तैयार कराई थी तथा पहचान छिपाने के लिए इंजन और चेसिस नंबर भी घिसकर मिटा दिए थे।
मुख्य आरोपी भुट्टू अली ने पूछताछ में धनघटा क्षेत्र के सिरसी और महुली क्षेत्र के तरयापार में करीब एक वर्ष पहले हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। उसने बताया कि वारदात के दौरान सुरक्षा के लिए साथी को तमंचा और कारतूस भी उपलब्ध कराया था। आरोपी अपने साथियों के साथ कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और गोवंश तस्करी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
मुख्य आरोपी भुट्टू अली का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार 50 हजार के इनामी आरोपी भुट्टू अली के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 12 मुकदमें दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और बीएनएस की गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। देवरिया में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास तथा गैंगस्टर एक्ट के दो मुकदमें पंजीकृत पाए गए।
वहीं, कुशीनगर में भी गोवध निवारण अधिनियम, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और उद्घोषणा का उल्लंघन सहित छह मुकदमें पंजीकृत हैं। साथ ही गोरखपुर जनपद में चोरी से संबंतिधत एक मुकदमा दर्ज है।
जनपद में महुली और धनघटा थाने में वर्ष 2025 में दर्ज चोरी के दो मामलों में वांछित था। धनघटा के मुकदमे में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नूर मोहम्मद शाह के खिलाफ भी दो मुकदमें दर्ज हैं। दोनों मामले गोरखपुर जिले के बेलीपार थाने में दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी, जाली नोट संबंधी धाराएं तथा उद्घोषणा के उल्लंघन का मामला शामिल है।