संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू होंगी। 28 फरवरी को परीक्षा का समापन होगा। 10 दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले के 836 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए परिषद की ओर से पांच केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद नाथ ने बताया कि परिषद के अनुसार परीक्षा परीक्षा दो पालियों में सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली में दो से 5.15 बजे तक होगी। परिषद की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 19 फरवरी को अनिवार्य संस्कृत का पेपर होगा। परीक्षा के कार्यक्रम जनवरी में ही जारी कर दिए गए हैं। सभी विद्यालयों को भेजकर इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी परीक्षा की वेब कास्टिंग की जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी होना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र में डबल लॉक आलमारी में पेपर-कॉपी रखवाए जाएंगे।