तिलाठी गांव में दूसरे दिन भी पसरा रहा सन्नाटा
- घरों में कैद रहे ग्रामीण, सील हुए गांव पर पुलिस का पहरा
- खाने-पीने की वस्तुओं के लिए प्रशासन ने किया इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज मिलने से तिलाठी गांव को प्रशासन ने सील किया है। गांव के भीतर जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस का पहरा है। ग्रामीणों के लिए सब्जी व अन्य सामानों को मुहैया कराने का इंतजाम किया गया है।
तिलाठी गांव भी जनपद में एक हॉटस्पॉट बन गया है। गांव में लोगों के खाने-पीने के सामानों की असुविधा से बचाने के लिए चिह्नित व्यक्तियों से सब्जियों, दूध व अन्य जरूरी सामानों की बिक्री कराई जा रही है। मेडिकल टीम के लोग भी मौजूद है। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही पुलिस भी पूरी चुस्ती से ड्यूटी कर रही है। ग्रामीण अपने घरों में कैद है। लोगों को घरों से निकलने की मनाही है। प्रभारी एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गांव को अभी सील रखा जाएगा। ग्रामीणों की सुविधा का ध्यान भी रखा जा रहा है। किसी को गांव से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। कोरोना पीड़ित परिवार के सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत जरूर मिली है। अभी गांव को अगले आदेश तक सील ही रखा जाएगा।