संतकबीरनगर। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब की तरफ से महान भारतीय वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता सर चंद्रशेखर वेंकट रमन की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को गन्ना विकास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर संजीव सिंह ने सफलता हासिल की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सर सीवी रमन, विज्ञान एवं वैज्ञानिक नवाचार से संबंधित विषयों पर आकर्षक पोस्टर तैयार किए। इसमें प्रथम स्थान दीपांशी, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को मिला। द्वितीय स्थान पर प्रियांशु गौड़, हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, तृतीय स्थान पर विजय कुमार हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, सांत्वना पुरस्कार शमा खातून, पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज और सोनिया यादव, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को मिला।
विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में गन्ना विकास इंटर कॉलेज खलीलाबाद, द्वितीय स्थान पर प्रेमलता पंडित राम कोमल रंजीत त्रिपाठी स्कूल तेनुहारी, तीसरे स्थान पर कार्तिक गुप्ता, गन्ना विकास इंटर कॉलेज खलीलाबाद, चौथे स्थान पर अनिकेत शर्मा, गन्ना विकास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद, पांचवें स्थान पर अबू गुरैरा नूरी, गन्ना विकास इंटर कॉलेज और छठे स्थान पर पुनीत चौधरी, डीएवी मेंहदावल रहे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्र ने किया। डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के वैज्ञानिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन एवं प्रयोगात्मक समझ विकसित करना भी है। जिला विज्ञान क्लब के सह समन्वयक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि सी वी रमन का जीवन इस बात का प्रमाण है कि वैज्ञानिक बनने के लिए केवल बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि जिज्ञासु मन, निरंतर अध्ययन और प्रयोग करने की इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है।
इस अवसर पर प्रोफेसर राजेश कुमार, समन्वयक नीतू यादव, भाजपा के सर्वेश कुमार तिवारी, नीलम राय, अमरेश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।