सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के पैड़ी-दानोकुइयां मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक बाइक सवार सफाईकर्मी के ऊपर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे सीएचसी सेमरियावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वह करही स्थित इंडेन गैस एजेंसी से सिलिंडर रिफिल कराकर घर लौट रहा था।
बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र के बांसखोर खुर्द गांव निवासी गनीराम (45) पुत्र सुखदेव साऊंघाट ब्लॉक के सेमरा मथुरापुर गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। शनिवार सुबह वह घर से रसोई गैस सिलिंडर रिफिल कराने करही स्थित गैस एजेंसी गया था। सिलिंडर रिफिल कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था।
पिडवा गांव के सामने पैड़ी-दानोकुइयां मार्ग पर पहुंचते ही सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक उसके ऊपर गिर गया। पेड़ गिरने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गनीराम को बाहर निकाला।
सूचना पर दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजन की मदद से घायल गनीराम को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर तहसीलदार खलीलाबाद भी सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में मची चीख पुकार
गनीराम के परिवार में पत्नी निशा देवी के अलावा तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां पार्वती भी बेटे की मौत से सदमे में हैं।