संविदा विद्युत कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन, 45 साल में सेवानिवृत्त करने का किया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन के आह्वान पर मंगलवार को संविदा विद्युत कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संविदा विद्युत कर्मियों ने आरोप लगाया कि सेवा देनी वाली कंपनी कर्मचारियों को 45 साल में ही सेवानिवृत्त कर रही है। इस पर रोक लगाई जाए।
संविदा विद्युत कर्मी मंगलवार को कोविड-19 के नियमों का अनुपालन करते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन दिया। संगठन के जोनल प्रभारी विनोद कुमार श्रीवास्तव व जिलाध्यक्ष विजय नंदन ने कहा कि पावर कार्पोरेशन का आदेश है कि संविदा कर्मियों को 55 वर्ष तक सेवा में रखा जाए, लेकिन सेवा देनी वाली कंपनी इसकी अवहेलना करते हुए संविदा कर्मियों को 45 वर्ष में ही सेवानिवृत्त कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पूर्वांचल डिस्काम के निजीकरण के विरोध में जो संविदा कर्मी भाग नहीं लिए थे, उनका अधिकारी वर्ग उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो सात नवंबर को मुख्य अभियंता बस्ती के कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान श्रीकांत शुक्ल, ज्ञानेश कुमार, विनोद कुमार मौर्य, सुल्तान अली, उमेश चंद्र गुप्ता, वशिष्ट मौर्य, धर्मेंद्र गुप्ता, अबूबकर, घनश्याम तिवारी, बैजनाथ, राम छैल, राजेश, सतीश चंद्र यादव, राममूर्ति प्रसाद, ईश्वर चंद्र, अमरचंद्र, शकीर मुरी आदि मौजूद रहे।