164 मामलों में मात्र 16 का निस्तारण
जनपद के तीनों तहसीलों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम-एसपी ने खलीलाबाद तहसील पर फरियाद सुनी। इस दौरान तीनों तहसीलों पर कुल 164 मामले आए, जिसमें से मात्र 16 का ही निस्तारण हो पाया।
खलीलाबाद तहसील पर आयोजित संपूूर्ण समाधान दिवस पर डीएम रवीश गुप्त ने कहा कि तहसील पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर करें। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतें। इस दौरान कुल 64 मामले आए, जिसमें से आठ का निस्तारण हुआ। अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया। इस दौरान एसपी ब्रजेश सिंह, सीएमओ डॉ हर गोविंद सिंह, बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह, डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम एसपी सिंह, सीओ रमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह से धनघटा तहसील पर एसडीएम प्रमोद कुमार ने फरियाद सुनी। इस दौरान कुल 62 मामले आए, जिसमें से मात्र एक का निस्तारण हो पाया। अन्य मामले संबंधित विभागों को भेज दिए गए। इस अवसर पर सीओ एके पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे। इसी तरह से मेंहदावल तहसील में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस की अध्यक्षता सीडीओ बब्बन उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि इन दिवसों के आयोजन के पीछे शासन की मंशा है कि स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवाद का निस्तारण बातचीत व सूझ-बुझ से तत्काल किया जाए। ताकि छोटे विवादों में वाद की स्थिति न पैदा हो। सरकार के निर्देशों का अनुपालन जमीनी स्तर पर दिखे यह हमारा दायित्व होना चाहिए। इस दौरान 38 मामले आए, जिनमें सात का निस्तारण मौके पर किया गया। इस दौरान एसडीएम प्रेम प्रकाश अंजोर, तहसीलदार प्रियंका चौधरी, सीओ जीडी मिश्रा, प्रभारी एसओ कैलाश यादव, एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी, अवर अभियंता ड्रेनेज वीरेंद्र यादव, राजेश श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो सहित
संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर लेखपालों ने दिया धरना
वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, प्रोन्नति काडर रिव्यू आदि मांगों को उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर मंगलवार को लेखपालों ने जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना दिया। इस दौरान लेखपालों ने वेतन विसंगति दूर करने, प्रोन्नति काडर रिव्यू समेत आठ सूत्री मांग पत्र एसडीएम को दिया।
खलीलाबाद तहसील अध्यक्ष यदुनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में लेखपालों ने तहसील परिसर में सुबह 10 बजे से धरना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार लेखपालों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति को तत्काल दूर किया जाए। इसके साथ ही एसीपी विसंगति, वेतन उच्चीकरण, प्रोन्नति कैडर रिव्यू, राजस्व लेखपाल का पदनाम परिवर्तन, राजस्व उप निरीक्षक सेवा नियमावली 2018 को लागू करना जरूरी है। कृषि विभाग की प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश की तरह प्रशासनिक व्यय, इंसेंटिव हेतु 18 रुपये प्रति खाता लाभार्थी लेखपाल को भुगतान किया जाए। धरने में जितेंद्र कन्नौजिया, मीडिया प्रभारी इम्तियाज अहमद, श्रवण कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राधेश्याम, प्रवीण कुमार, मीना, मधु, अंजू यादव, पूजा भारती, प्रेमलता, बबिता, रुचि, पूर्णिमा समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे। इसी तरह से धनघटा तहसील पर लेखपालों ने धरना दिया। इस दौरान गिरजेश कुमार, मोहम्मद इलियास, साधना, तर्कसा परवीन, अर्जुन कुमार, सुभाष चंद समेत अन्य मौजूद रहे। इसी क्रम में मेंहदावल तहसील परिसर में भी लेखपालों ने धरना देकर मांगों को पूरा करने तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।