लोहरैया। गांव-गांव बिजली पहुंचाने और हर घर को रोशन करने के दावे भी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद बारीडीहा गांव का छोटी डड़िया टोला आज भी अंधेरे में है।
यहां रहने वाले एक दर्जन से अधिक परिवार ढिबरी और दीपक के सहारे जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। यहां करीब दो वर्ष पहले टोले में बिजली के खंभे तो लगाए गए लेकिन उन पर आज तक तार नहीं खींचे गए। ट्रांसफॉर्मर भी नहीं लगाया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शाम ढलते ही पूरा टोला अंधेरे में डूब जाता है। बच्चों को ढिबरी और दीपक की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती है। आधुनिक सुविधाओं के दौर में भी इन परिवारों की जिंदगी पुराने ढिबरी युग में सिमटी हुई है। रात के समय अंधेरे के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में भी परेशानी होती है। दो साल पहले पोल लगाया लेकिन आज तक उस पर तार नहीं लगा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि टोले में जहां खंभे नहीं हैं, वहां नए खंभे लगाए जाएं। प्रदर्शन में रामानंद, सदानंद, नागेंद्र, रामबचन, विकास, सविता, रामकवल, रामचंद्र आदि शामिल रहे।