साधन सहकारी समिति पश्चिम टोला पर खाद के लिए लगी हुई लंबी लाइ
मेंहदावल। शासन ने प्रत्येक जनपद के किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए पहल की है। जिसके तहत हर जनपद को पर्याप्त मात्रा में खाद आवंटित भी किया गया है। जिला प्रशासन ने जनपद के हर साधन सहकारी समिति को 45 मीट्रिक टन यूरिया खाद उपलब्ध भी करा दिया है। उसके बाद भी खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है।
शुक्रवार को साधन सहकारी समिति पश्चिम टोला पर खाद के लिए किसान पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। सचिव मौके पर नहीं थे। किसान लंबे समय तक लाइन लगाकर खड़े रहे, लेकिन जब सचिव मौके पर नही पहुंचे तो लोग शोर शराबा करते हुए हंगामा करने लगे। साधन सहकारी समिति पश्चिम टोला में शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचे। लेकिन समिति पर कोई जिम्मेदार नही था। गोदाम व समिति पर ताला लगा हुआ था। किसान लाइन में खड़े होकर सचिव का इंतजार करने लगे।
घंटोंं इंतजार के बाद भी जब सचिव मौके पर नही पहुंचे तो किसान भड़क उठे और हंगामा करने लगे। इसके बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। कुछ किसानों ने हंगामा कर रहे किसानों को समझा बुझाकर शांत किया। किसान मनोज कुमार, सुनील शंकर बैजु, बैजनाथ मुकुल आदि ने कहा कि सुबह से खाद के लिए समिति पर कतार लगा कर खड़े हैं लेकिन समिति का ताला नहीं खुला न तो कोई कर्मचारी यहां खाद वितरण के लिए आया।
समिति के सचिव रामनाथ मौर्य ने कहा कि अन्य प्रभार वाले समिति पर खाद वितरण किया जा रहा था। वहां के किसानों को एक दिन पूर्व ही वितरण की सूचना दी गई थी। जिसके आधार पर वहां वितरण किया जाना आवश्यक था। साधन सहकारी समिति पश्चिम टोला पर भी वितरण की सूचना देते हुए खाद का वितरण किया जाएगा।