मेंहदावल। मंगलवार को ई-पाॅश मशीन की तकनीकी खराबी को लेकर कोटेदार भड़क उठे। बड़ी संख्या में कोटेदार मेंहदावल तहसील पर पहुंचे और हंगामा करते हुए नारेबाजी करने लगे। कोटेदारों ने जिला पूर्ति अधिकारी को भी घेरा। थानाध्यक्ष ने नाराज कोटेदारों को समझा बुझाकर शांत किया और जिला पूर्ति अधिकारी को तहसील सभागार से बाहर लाकर ज्ञापन दिलाया। जिला पूर्ति अधिकारी ने दो दिनों में समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया, तब जाकर कोटेदार शांत हुए।
उत्तर प्रदेश कोटेदार संघ के अध्यक्ष चंद्रभान चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में कोटेदार तहसील पर पहुंचे और प्रदर्शन करने के साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी का घेराव किया। कोटेदारों का कहना है कि ई-पाॅश मशीन की तकनीकी खराबी 15 फरवरी से ही चल रही है। लगातार विभागीय अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विभागीय अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल करते नजर नहीं आ रहे हैं। अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी के कार्ड धारक नई ई-पाॅश मशीन की तकनीकी खराबी की समस्या को सुनने को तैयार नहीं है। वे कोटेदारों से वाद-विवाद कर रहे हैं।
सोमवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कर समस्या के निस्तारण की मांग उठाई गई थी लेकिन मंगलवार को सुबह जब कोटेदार ई-पाॅश मशीन से खाद्यान्न वितरण करने जुटे तो मशीन फिर दगा दे गई। कोटेदारों ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दो दिनों में नई मशीन की तकनीकी खराबी को दुरुस्त कराने की चेतावनी दी है, नहीं तो कोटेदार सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे। वहीं, थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र ने उग्र कोटेदारों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान अखिलेश दत्त त्रिपाठी, शिवकुमार मिश्र, बृजेश लाल श्रीवास्तव, रामचंद्र यादव, राजकुमार यादव, विनय कुमार श्रीवास्तव, राधेश्याम यादव समेत अन्य कोटेदार मौजूद रहे।