सेमरियावां। क्षेत्र में नीलगाय किसानों के लिए मुसीबत बन गए हैं। नील गाय का झुंड गेंहू, मटर, सरसो की फसल को काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान रतजगा करने को मजबूर हैं।
क्षेत्र के करही, उंचहराकला, रक्शाकला, दानोकुइयां, देवरिया नासिर, देवरिया विजई, बभनी, भैंसवरिया, मीरपुर आदि गांवों के किसान गेहूं, मटर व सरसों की खेती करते हैं। फसल उत्पादन से ही अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। उंचहराकला के किसान इफ्तेखार अहमद, करही के महमूद अहमद, अंजारूलहक, मो आरिफ, मीरपुर के रफीक, भैंसवरिया के अकबर अली, धरूई के अजय कुमार चौधरी आदि ने बताया कि नील गाय के झुंड से रबी की मुख्य फसल मटर व सरसों का नुकसान हो रहा है। नील गाय रातों रात फसल चट कर जाते हैं।
फसल नुकसान होने से किसान बेहद चिंतित हैं। कुछ किसान रतजगा भी कर रहे हैं। नील गाय का झुंड किसानों के खेतों पर कहर बरपा रहा है। किसानों ने इससे निजात दिलाने की मांग की है।