संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के हरापट्टी गांव निवासी लालमन यादव के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में 3.42 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब वह बैंक से रुपये निकालने पहुंचा। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित लालमन यादव ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दिया कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक की बखिरा शाखा में है। खाते से उसके पुत्र रवि यादव का मोबाइल नंबर लिंक था। चार फरवरी को रवि लुधियाना से खलीलाबाद आ रहा था। इसी दौरान लुधियाना में उसका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई खाता बना लिया और पांच से 11 फरवरी के बीच कई किस्तों में बैंक खाते से कुल 3.42 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल फोन पांच फरवरी को दोपहर करीब दो बजे बंद हो गया था लेकिन खाते से रुपये निकलने के संबंध में कोई एसएमएस नहीं आया।
25 फरवरी को जब परिवार के लोग बैंक से रुपये निकालने पहुंचे, तब खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने मोबाइल गुम होने की सूचना लुधियाना में दर्ज कराने की बात भी पुलिस को बताई है। एसओ उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।