- यूपी बोर्ड की तरफ से जारी किए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए इस बार कक्ष निरीक्षकों को क्यूआर कोड युक्त मुद्रित परिचय पत्र जारी किए जा रहे हैं। यूपी बोर्ड ने शिक्षकों का परिचय पत्र पोर्टल पर अपलोड कर दिया है।
बोर्ड से जारी निर्देशानुसार सभी प्रधानाचार्य पोर्टल से कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र डाउनलोड कर दो प्रतियों में प्रिंट करेंगे। उस पर संबंधित शिक्षक और प्रधानाचार्य दोनों के हस्ताक्षर, नियुक्त परीक्षा केंद्र का नाम अंकित कर प्रतिहस्ताक्षर के लिए डीआईओएस को उपलब्ध कराया जाएगा। जिनके क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं, वह पोर्टल से सादा परिचय पत्र डाउनलोड कर लें।
इसमें विद्यालयीय अभिलेख के अनुसार विवरण भरकर डीआईओएस से प्रतिहस्ताक्षर कराया जाएगा। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा में केंद्रों पर तैनात कार्मिकों व परीक्षार्थियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए सभी डीआईओएस को पत्र भेजा है। बोर्ड ने 13 फरवरी तक जिले के सीएमओ से समन्वय स्थापित कर एंबुलेंस व प्राथमिक उपचार के इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि क्यूआर कोर्ड परिचय पत्र मिलने से शिक्षकों का पूरा ब्योरा रहेगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक उपचार के लिए सीएमओ से वार्ता की जाएगी।