मेंहदावल। नगर पंचायत प्रशासन कस्बे में स्थित वार्डों के विकास के लिए सक्रिय है। वार्ड-13 सोनबरसा की सभासद के प्रस्ताव पर सीसी रोड व जल निकासी के लिए नाली निर्माण को प्रशासन से स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण से वार्ड के लोगों को आवागमन में जहां सुविधा मिलेगी, वहीं जल निकासी की समस्या का समाधान होगा।
मेंहदावल नगर पंचायत के वार्ड-13 की सभासद अंजनी देवी ने नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में अपने वार्ड में सीसी सड़क तथा जल निकासी के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव नगर पंचायत प्रशासन को दिया था। प्रस्ताव को नगर पंचायत प्रशासन ने जिला प्रशासन के माध्यम से स्वीकृति के लिए भेजा। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
यह सड़क राकेश यादव के बाग से शनिचरा बाबा के स्थान तक निर्मित होगी। पूर्व में यहां इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था जो वर्तमान में क्षतिग्रस्त है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी असुविधा होती है। सीसी सड़क के साथ ही जल निकासी के लिए नाली निर्माण भी स्वीकृत हुई है। इस पर 54 लाख रुपये खर्च होंगे।
सभासद अंजना देवी का कहना है कि वार्ड के चहुंमुखी विकास के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में सीसी सड़क प्रथम जल निकासी के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव दिया गया था जिसे स्वीकृति मिल चुकी है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत पंकज कुमार का कहना है कि सोनबरसा वार्ड में सीसी सड़क तथा नाली निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।