सांथा के हसनी कटया मार्ग पर बिखरी पड़ी गिट्टियां-संवाद
सांथा। संपर्क मार्गों की मरम्मत में मानक की अनदेखी के मामले सामने आ रहे हैं। मरम्मत के दो माह बाद ही सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। स्थानीय लोगों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
सांथा के हसनी-कटया डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग की दो माह पूर्व मरम्मत हुई। सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। जगह-जगह सड़क में गड्ढे बन गए हैं। इसकी मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च कर दिए गए। इसी प्रकार निघुरी बनेथू मार्ग को सामान्य मरम्मत के तहत धन आवंटित हुआ था। इसकी मरम्मत लोक निर्माण विभाग ने कराई। मरम्मत के छह माह बाद से ही इस सड़क की गिट्टियां भी उखड़ने लगीं। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इससे लोगों का आवागमन दूभर हो रहा है।
स्थानीय निवासी हरमैन निषाद, जग्गू, रामबलि, गंगाराम, संजय, गोविंद, सहवाज, राहुल, दिनेश चौरसिया, रामबली आदि ने बताया कि लोग टूटी सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। गड्ढा मुक्ति अभियान बेमानी है।
इस संबंध में पीडब्लूडी के अवर अभियंता राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मानक विहीन कार्य होने के कारण संबंधित ठेकेदार को पत्र लिखकर भुगतान को रोकते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य को कराने के लिए कहा गया है।