- भेली मंडी से बरदहिया बाजार को जोड़ती है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल भेली मंडी से बरदहिया बाजार को जोड़ने वाली सड़क अधूरी छोड़ दी गई है। जिसके कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों का सीजन शुरू हो गया और इसी मार्ग से होकर प्रतिमाएं विसर्जन के लिए ले जाई जाएंगी तो दुश्वारियां और बढ़ जाएगी।
शहर के आजाद चौक से बरदहिया बाजार तक अंडर ग्राउंड नाला निर्माण के लिए सड़क तोड़ दी गई थी। ह्यूम पाइप लाइन बिछाने के बाद आजाद चौक से भेली मंडी तक की सड़क का निर्माण करा दिया गया, लेकिन भेली मंडी से लेकर बरदहिया बाजार तक की सड़क पर गिट्टी डालने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अमित कुमार, विशाल और अन्य ने कहा कि सड़क अधूरी छोड़ दिए जाने से आस-पास के लोगों के साथ ही राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अभी नवरात्र, दुर्गा पूजा सहित अन्य त्योहार आने वाले है, उस समय भीड़ बढ़ जाएगी तो लोगों की दुश्वारियां और बढ़ जाएंगी। ऐसे में सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाना आवश्यक है।
शहर के भेली मंडी से बरदहिया बाजार को जोड़ने वाली सड़क की निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन बारिश होने के कारण कार्य में बाधा खड़ी हो गई। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा। इससे लोगों को आने- जाने में राहत मिलेगी।
- अवधेश कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद