संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। विकास खंड बेलहर कला अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनौरा गुमान राय से रमवापुर, मलौली, कुसुरू समेत अनेक गांवों को जोड़ने वाली सड़क मरम्मत के अभाव में बदहाल हो गई है। सड़क की दुर्दशा से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जूनियर हाईस्कूल के पास प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण अनिल यादव, रामचंद्र यादव, अक्षय कुमार ने कहा कि सड़क खराब होने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। इसी मार्ग से प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल के बच्चे भी आते-जाते हैं। सड़क की बदहाली के कारण बच्चों समेत अन्य लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति का संज्ञान लेकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शन में रामशरण, दिनेश प्रजापति, विजय कन्नौजिया, रामनरेश, गीता देवी, रीता देवी, मोहरती देवी, रजवंती आदि शामिल रहे।स