भेडौरा पिकौरो में सड़क को लेकर प्रदर्शन करती महिलाएं-संवाद
लोहरौली। विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत भेडौरा पिकौरो के पुरवा निषाद टोला में ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर शनिवार को गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 15 वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है।
प्रदर्शन कर रहे हरिश्चंद्र, घनश्याम, मनोज, राम सेवक, चानमती, मीरा देवी, सुनीता, मंजू और यशोमती ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले खड़ंजा लगाया गया था, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत नहीं की गई। बरसात के मौसम में यह रास्ता कीचड़ से भर जाता है। जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि किसी भी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने आज तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है।
इस संबंध में विकास खंड अधिकारी उमेश कुमार ओझा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले की जांच पड़ताल की जाएगी और सड़क मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।