सेमरियावां। ब्लाॅक परिसर में तीन साल से खराब पड़ी आरओ मशीन मंगलवार को ठीक करा दी गई है। अब फरियादियों को पेयजल समस्या से निजात मिलेगी। शौचालय का ताला भी खोल दिया गया है।
21 अप्रैल 2025 के अंक में अमर उजाला में ब्लाॅक में पेयजल की सुविधा नहीं, शौचालय भी बदहाल नामक शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया। खबर को संज्ञान शासन ने लिया। आईजीआरएस के माध्यम से समस्या निजात के लिए जिला प्रशासन को पत्र मिला। पत्र का हवाला देकर जिला प्रशासन ने बीडीओ को समस्या दूर करने के निर्देश दिए। मंगलवार को बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय ने तकनीकी मिस्त्री बुलाकर ब्लाॅक परिसर में स्थित आरओ मशीन ठीक कराया। शौचालय का ताला भी खुलवाया।
ब्लॉक कार्यालय में आने वाले क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं थी। यहां लगाया गया एक हैंडपंप दूषित पानी उगल रहा है। जबकि यहां लगे आरओ मशीन भी तीन साल खराब होकर बंद पड़ी है। ऐसे में लोगों को बोतलबंद पानी खरीद कर पीना पड़ता था। इससे ब्लॉक परिसर में आने वाले ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों और फरियादियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।