संतकबीरनगर। एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की सुविधा एवं सैनिक कल्याण से संबंधित कार्यों के सुचारु संचालन के लिए नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवन में पहली बार सैनिक बंधु की बैठक हुई। इसमें जिले के 45 पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों ने हिस्सा लिया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने बताया कि नव-निर्मित सभागार नामकरण इस जिले के गौरव अमर शहीद वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह के नाम पर किया गया।
एडीएम ने सेवारत एवं पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर हल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी सैनिक की भूमि संबंधी या अन्य समस्या है, तो वह बेझिझक उनके कार्यालय या जिलाधिकारी कार्यालय में आकर अवगत करा सकते हैं। उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा।
कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने अवगत कराया कि जनपद में मोबाइल कैंटीन की सेवा उपलब्ध कराने के लिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग सब एरिया के साथ पत्राचार किया जा रहा है। साथ ही पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के सुचारु संचालन के लिए सीएमओ से भी चर्चा की गई है। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों को निर्देशित किया कि वे अपना कैंटीन कार्ड किसी भी प्राइवेट व्यक्ति को न दें, ताकि सैनिकों के सम्मान और कैंटीन सुविधाओं की गरिमा बरकरार रहे।
उन्होंने आह्वान किया कि ग्रामीण स्तर पर युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करते रहें। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों की ओर से भूमि विवाद, शस्त्र लाइसेंस, चकबंदी एवं सोलर सिस्टम से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। इन सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए एडीएम ने संबंधित विभागों को त्वरित निदान के लिए निर्देशित किया।