विकास भवन के सभागार में जिला एकीकरण समिति की बैठक शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें समाज में सामाजिक समरसता बनाए जाने पर चर्चा की गई। सभी ने आपसी सद्भाव बनाए रखने की जरूरत जताई।
जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि जिला एकीकरण समिति का ध्येय है कि समाज में समरसता बनाए रखने की दिशा में पहल करें। आपसी सौहार्द बनाए रखने का सभी संकल्प लेना चाहिए और उसके अनुरूप काम भी करना चाहिए। ऐसा करने से ही इस बैठक की सार्थकता होगी। सीडीओ लाल जी यादव ने कहा कि समाज में समरसता बनाए रखने के लिए स्वच्छ विचारों का आदान- प्रदान भी जरुरी है। सकारात्मक सोच पैैैदा करके अपने कर्तव्य का निर्वहन सभी को करना चाहिए।
पीडी अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि पर्व चाहे किसी धर्म के हो,सभी को आपसी सौहार्द पूर्वक मनाना चाहिए।यदि कहीं कोई विवाद की स्थित पैदा हो तो उसके आपसी बातचीत से हल कर लेना की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य है। डीसी मनरेगा विनय श्रीवास्तव ने कबीर की इस धरती से दूर- दूर पहुंचने वाले आपसी प्रेम और भाई चारे को मजबूत रखने पर बल दिया। हरिराम मिश्र ने कहा कि हम साथ-साथ रहे ,किसी तरह का विद्घेष समाज न पैदा हो इस दिशा में काम करने की जरूरत है।
एकता, ममता, समता, सुचिता को बनाए रखने है। होली, दीवाली, बकरीद और ईद जैसे मौके पर आपसी सौहार्द का संदेश देना चाहिए। जिले की विभूतियों का जन्म दिन मनाया जाना चाहिए। अमर शहीद पंडित शिवदिहल मिश्र की जयंती मनाए जाने की मांग रखा। इस दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजबहादुर सिंह, सपा नेता रामदरश यादव, असफाक, सतविंदर पाल उर्फ जज्जी, डॉक्टर मोहम्मद अकरम, प्रवीण यादव आदि उपस्थित रहे।