संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री संदर्भ, आयुक्त संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस संदर्भ सहित अन्य संदर्भों एवं लंबित शिकायतों व सीएम डैशबोर्ड के आधार पर योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में न जाए। संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने 50 प्रतिशत से अधिक असंतुष्टि के फीडबैक से संबंधित प्रकरणों से संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दिया कि आगामी 15 दिनों में प्रकरण का गुणवत्तापरक निस्तारण प्रत्येक दशा में कर लें। अन्यथा की दशा में संबंधित विभागीय अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दें, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग अच्छी बनी रहे। कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, परिवहन, व्यापार कर, स्टाम्प एवं निबन्धन, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मण्डी समिति, बांट माप, विद्युत देय, खाद्य एवं सुरक्षा, लोक निर्माण, सरयू नहर खण्ड सहित अन्य राजस्व संग्रह से संबंधित विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व देयों की वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई।