संतकबीरनगर/ धनघटा। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 150 मामले आए, जिसमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है।
एसपी संदीप कुमार मीना व एडीएम वित्त एवं राजस्व जयप्रकाश की उपस्थिति में धनघटा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। एडीएम ने प्रकरणों की सुनवाई करते हुए शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि भूमि विवाद एवं अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर मामले का निस्तारण किया जाए। धनघटा तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 10 का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया।
शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए तत्काल कार्रवाई कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने किया। उन्होंने पुलिस थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाए कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।
इस दौरान एसडीएम धनघटा रविकांत चौबे, तहसीलदार धनघटा राम जी आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। यहां 34 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से सात का निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के लिए भेजा गया। आठ प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीमें भेजी गईं।
इस दौरान एडीएम मेंहदावल अरुण कुमार, तहसीलदार मेंहदावल अल्पिका वर्मा आदि उपस्थित रहे। खलीलाबाद तहसील में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जन सामान्य के शिकायतों की सुनवाई की गई। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक संबंधित कर्मचारी के साथ मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
खलीलाबाद में 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर पांच प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए सीडीओ ने शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। छह प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीमें भेजी गई।
इस दौरान एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार आनंद ओझा आदि उपस्थित रहे।