सेमरियावां। जिले की सबसे बड़ी बाजार सेमरियावां है, लेकिन यहां पर जिला मुख्यालय से जाने के लिए परिवहन का कोई बेहतर साधन नहीं है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दानोकुइयां चौराहे से सेमरियावां होते हुए जिला मुख्यालय और आगे गोरखपुर तक संचालित होने वाली परिवहन निगम एक मात्र बस करीब एक साल से नहीं चल रही है।
जनपद के उत्तर पश्चिम सीमा पर स्थिति दानोकुइयां चौराहे से परिवहन निगम की एक बस रोज सुबह साढ़े सात बजे से पैड़ी, सेमरियावां, टेमारहमत होते हुए जिला मुख्यालय व गोरखपुर के लिए के लिए आती-जाती थी। पिछले एक साल से बस का संचालन बंद है। ऐसे में करही, पैड़ी, सेमरियावां, चिउटना, नव्वागांव, टेमारहमत चौराहे पर सवारी बस का इंतजार करती रह जा रही हैं। मजबूरी में प्राइवेट वाहन पकड़ना पड़ता है, जिससे मनमानी किराया देना पड़ता है। इलाके के दानोकुइयां, करही, पिड़वां, गंगौली, रूधौली, सेमरियावां, पिपरा गोविंद, कोहरियावां, बाघनगर, सेहुड़ा, कोइलसा, उसराशहीद, महुआरी, मूड़ाडीहाबेग, चिउटना, तिनहरीमाफी, पचदेउरा, पचदेउरी, तिलजा, सालेहपुर के लोगों को इससे काफी परेेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों को कहना है कि जिला मुख्यालय यहां से 35-40 किमी दूर है। क्षेत्र के निवासी अब्बास अली, जयराम आदि ने कहा कि बस संचालन बंद होने से परेशानी हो रही है। इस संबंध में खलीलाबाद बस डिपो के प्रभारी टीएन दूबे ने कहा कि जल्द ही इस मार्ग पर बस सेवा फिर शुरू होने की तैयारी की जा रही है।