धनघटा। साइबर ठगी के दो मामलों में धनघटा थाने की साइबर सेल ने पीड़ितों के 1.36 लाख रुपये वापस कराए हैं। जालसाजों ने खुद को सरिया का कारोबारी बताकर 1.40 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे।
पुलिस के अनुसार कुरमौल निवासी रितेश कुमार यादव ने 16 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने ऑनलाइन सर्च कर सरिया बुक किया था। खुद को गोरखपुर का सरिया कारोबारी बताने वाले जालसाज ने 1.40 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
भुगतान के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। जब रितेश बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां उस नाम की कोई दुकान नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों से समन्वय कर आरोपी के खाते में मौजूद 1,31,344 रुपये होल्ड करा दिए। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
वहीं, एक अन्य मामले में एमआरएम पोर्टल की मदद से सुरैना निवासी भीम कुमार यादव, जो ज्योति वस्त्रालय, बंडा बाजार का संचालन करते हैं, के साथ हुई साइबर ठगी के मामले में 5,000 रुपये की धनराशि भी उनके खाते में वापस कराई।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।