संतकबीरनगर। न्यायिक अधिकारी व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने के लिए आश्वस्त किया।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के ठाकुरद्वारा मोहल्ला के गणेश उर्फ मंकर ने कहा कि उन्हें सरकारी अधिवक्ता प्राप्त हैं। जमानत मंजूर हो जाने के बाद जमानत की शर्तों को पूरा न कर पाने वह रिहा नहीं हो पा रहा है। महुली थाना क्षेत्र के रतनपुर धायपोखर के इंद्रेश चौधरी ने कहा कि वह मारपीट के मामले में जेल में निरुद्ध हैं। उनकी भी जमानत मंजूर हो चुकी है, परंतु शर्तें पूरी नहीं कर पाने से रिहाई अटक गई है। चोरी के मामले में निरुद्ध इसी थानाक्षेत्र के नगुआ के गौतम तिवारी का भी यही कहना था।
चीफ डिफेंस काउंसिल अंजय कुमार श्रीवास्तव ने उन्हें बताया कि उनके सामाजिक व आर्थिक स्थिति के संबंध में आख्या मंगाई गई है। शीघ्र ही संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रिहाई के संबंध में समुचित आदेश के लिए निवेदन किया जाएगा। इसी प्रकार बेलहर कला थानाक्षेत्र के भटौली गांव निवासी महेश उर्फ महेंद्र ने कहा कि चोरी के एक मामले में उन्हें आरोपित कर जेल भेज दिया गया है। पैरवी करने वाला कोई नहीं है। उसने सरकारी अधिवक्ता की मांग की। इस संबंध में प्रार्थना पत्र लेकर जिला कारागार के माध्यम से प्राधिकरण कार्यालय में भिजवाने की बात कही गई। इसी प्रकार कई बंदियों ने अपनी समस्याएं रखीं। उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। इस दौरान डिप्टी जेलर हरिकेश व जिला कारागार के अन्य कर्मी तथा बंदी मौजूद रहे।