संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को शुचिता पूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए इस बार कई सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश करने से लेकर परीक्षा देते समय तक प्रत्येक परीक्षार्थी पर कैमरे की नजर रहेगी। यदि परीक्षा के दौरान आपत्तिजनक हरकत सामने आई तो तत्काल पकड़ में आएंगे। इसके अलावा प्रत्येक कमरे में दो कक्ष निरीक्षकों की डयूटी लगाई गई है। जिले में कुल 4179 शिक्षकों की डयूटी बोर्ड परीक्षा में लगी है वहीं 94 केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से जिले 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 54240 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इनमें हाईस्कूल के 28392 और इंटरमीडिएट के 25848 परीक्षार्थी शामिल हैं। इन केंद्रों पर 4179 कक्ष निरीक्षकों की डयूटी लगाई गई है। इसमें परिषदीय व वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं। साथ ही 94 केंद्र व्यवस्थापक व इतने ही सह केंद्र व्यवस्थापक तैनात कर दिए गए हैं। 18 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा की तैयारी में विभाग जुटा हुआ है।
डीआईओएस कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम तैयार हा रहा है। इन जगहों से वाईफाई के जरिये सीसीटीवी कैमरों से लैस प्रत्येक केंद्र लाइव जुड़े रहेंगे। कंट्रोल रूम से एक-एक केंद्र की निगरानी होगी। इसके अलावा कक्ष निरीक्षक के लिए परीक्षा ड्यूटी के दौरान मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित कर दिया गया है।विद्यार्थियों के पहुंचाने जाने वाले प्रश्न पत्र केंद्रों के प्रशासनिक भवन में कैमरे की नजर में रखवाएं जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी स्टेटिक मजिस्ट्रेट को दी जाएगी। जिला स्तर से चार से पांच सचल दल गठित करने की तैयारी चल रही है। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि परीक्षा के लिए शिक्षकों, कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट तैयार कर दिया गया है। परिचय पत्र तैयार हो रहा है। दोनों पालियों में कक्ष निरीक्षकों की डयूटी लगाई जा रही है।