रिश्तेदार ने दंपती के खाते से निकाल लिए पांच लाख
धनघटा। रिश्तेदारी के युवक ने दंपती के खाते से पांच लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी ने एटीएम कार्ड चुरा कर और गेम खेलने के बहाने मोबाइल ले लिया और फर्जी यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी कर ली। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित को जानकारी हुई। एडीजी जोन गोरखपुर के निर्देश पर महुली पुलिस ने मंगलवार को आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वास हनन व आईटी एक्ट का मुक़दमा दर्ज किया।
नोक्ता गांव के धर्मनाथ यादव का आरोप है कि खलीलाबाद में उसका एक्सिस बैंक में खाता है। उसकी पत्नी का इंडस्ट्रियल एरिया में एसबीआई में खाता है। कोहरगड्ड़ी के विकास उसके रिश्तेदार हैं। कुछ दिन पूर्व उसके घर विकास पहुंचे। आरोप है कि उसके बेटे से गेम खेलने के बहाने मोबाइल फोन मांग लिया। युवक ने अलमारी से दोनों खातों के एटीएम कार्ड को चुरा लिया। फर्जी यूपीआई बनाकर यूजर पासवर्ड प्राप्त कर लिया। उसके माध्यम से उसके और उसकी पत्नी के खाते से पांच लाख रुपये खुद तथा अन्य परिचितों के खाते में ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित ने मोबाइल पर निकासी मैसेज देखा तो उसे जानकारी हुई। पीड़ित ने एडीजी जोन गोरखपुर को प्रार्थनापत्र दिया। एडीजी के निर्देश पर पुलिस आरोपी विकास यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वास हनन, आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। एसओ रणविजय सिंह ने बताया कि प्रकरण की विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।