सिपाही भर्ती निरस्त करने की मांग उठाई
- फोटो : अमर उजाला
सिपाही भर्ती 2015 को निरस्त कर लिखित परीक्षा के आधार पर नए सिरे से भर्ती की जाए। मेरिट की प्रणाली से पुराने लोग भर्ती से बाहर हो रहे हैं। इस मांग को लेकर मंगलवार को युवकों ने धनघटा तहसील में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को दिया गया।
जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव, संतोष चौहान और संजय सिंह के नेतृत्व में तहसील में पहुंचे राम भवन, धर्मेन्द्र, विजेन्द्र , इंद्रभान, जनार्दन, मनोज कुमार, रमेश यादव आदि ने कहा कि यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा 2015 जो कि प्रक्रियाधीन है, इसका आधार अंकतालिका की मेरिट है। इसमेें लिखित परीक्षा नहीं हुई। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रणाली में कुछ बदलाव आने के कारण नए लोगों की मेरिट अधिक है।
जिससे उनके चयन होने की संभावना अधिक है और पुराने लोग योग्यता होते हुए भी भर्ती होने से वंचित रह सकते हैं। युवकों ने सीएम को संबोधित मांग पत्र डीएम को देकर परीक्षा प्रणाली में बदलाव किए जाने की मांग की।