संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने निर्देश दिए कि बकाएदारों से ऋण की वसूली आरबीआई के गाइडलाइन के अनुसार ही करें।
बैठक में डीएम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक ऋण योजना सहित अन्य योजनाओं प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम, स्टैंड अप इंडिया, स्टार्ट अप इण्डिया, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना आदि में जनपद के बैकों को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष योजनावार प्रगति की जानकारी विभागीय अधिकारी एवं बैक के प्रतिनिधि से प्राप्त किया। निर्देशित किया कि ऋण पत्रावलियों को बैकों में लम्बित न किया जाए। अपूर्ण पत्रावली को सम्बंधित विभाग बैंक एवं आवेदक के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण कराते हुए नियमानुसार ऋण पत्रावलियों को स्वीकृत कर दिया जाए। डीएम ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित करने में बैकों का बहुत बड़ा योगदान है। इसमें रूचि लेते हुए बैंक अधिकारी लंबित पत्रावलियों का अविलंब निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में जनपद में ऋण जमा अनुपात में अपेक्षित वृद्धि, वार्षिक ऋण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से संतृप्त करना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ,प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना में जिले की उपलब्धि, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ,स्वतः रोजगार योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि योजना सहित सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं में बैंकवार आंवटित लक्ष्य एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम जीशान रिजवी, एलडीएम पवन कुमार सिन्हा, उपायुक्त जिला उद्योग राज कुमार शर्मा, पीओ डूडा प्रमेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।