संतकबीरनगर। लाभांश व न्यूनतम आय की गारंटी के लिए कोटेदारों ने शुक्रवार को ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले डीएसओ का घेराव किया। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर ई-पॉस मशीन जमा कराने की मांग की। बाद में डीएसओ के आश्वासन पर कोटेदार मान गए। कोटेदारों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएसओ को सौपा।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप नारायण राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कोटेदार शासन के मंशानुसार राशन वितरण करते हैं। साथ ही कोरोना काल में भी उत्तर प्रदेश के कोटेदारों द्वारा प्रधानमंत्री अन्न योजना व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निशुल्क वितरण किया गया। कोटेदार अपने व अपने परिवार के जीवन की परवाह न करते हुए सरकार के दिशा-निर्देशों में ई-पाॅस मशीन से वितरण किया। कोटेदार सरकार के निर्देशानुसार वितरण करते हैं व अन्य आदेशों जैसे आयुष्मान कार्ड, किसान फार्मर रजिस्ट्री, एसआईआर आदि में सहयोग करते हैं।
लेकिन, उत्तर प्रदेश के कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये क्विंटल ही मिलता है जबकि अन्य प्रदेशों में जैसे-हरियाणा 200 रुपये प्रति क्विंटल, गोवा में 220 रुपये, केरल 200 रुपये, दिल्ली में 200 रुपये, गुजरात में 20000 रुपये मिनिमम इनकम गारंटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोटेदारों को भी अन्य प्रदेशों की भांति लाभांश व मिनिमम इन्कम गारंटी देने का कार्य किया जाए। जिससे इस महंगाई को देखते हुए कोटेदार परिवारों का भरण पोषण हो सके। अगर ऐसा नहीं होता है तो 28 जनवरी से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व विधान सभा का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। इस दौरान रमेश चंद, बृजकिशोर, अनीता देवी, अविनाश, लोरिक, ओंकार नाथ राय, हरीराम राय, रामआसरे, अंकुल, राम प्रसाद, राम सागर, इंद्रमणि यादव, हेमंत, कमला पाल समेत अन्य कोटेदार मौजूद रहे।
ई पास मशीन जमा करने की मांग को लेकर डीएसओ कार्यालय पर हंगामा करते कोटेदार-संवाद