संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। विकास क्षेत्र में स्थित राप्ती का जलस्तर अब धीरे-धीरे नीचे आ रहा है। मंगलवार को जहां राप्ती का जलस्तर शाम चार बजे 76.48 मीटर पर था, वहीं बुधवार को शाम चार बजे राप्ती का जलस्तर 76.40 मीटर पर आ गया। 24 घंटे में आठ सेंटीमीटर जलस्तर नीचे आया है। यह ड्रेनेज खंड के अधिकारियों तथा क्षेत्रीय लोगों के लिए राहत की बात है।
मेंहदावल विकासखंड क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में स्थित राप्ती का जलस्तर तीन दिनों से लगातार बढ़ रहा था लेकिन चौथे दिन दोपहर बाद से नीचे आने लगा। मंगलवार को सुबह आठ बजे राप्ती का जलस्तर 76.52 मीटर था। शाम को चार राप्ती का जलस्तर 76.48 मीटर पर आ गया।
बुधवार को सुबह राप्ती का जलस्तर 76.45 मीटर पर आया। शाम चार बजे राप्ती का जलस्तर 76.40 मीटर पर आ गया है। इस तरह राप्ती के जलस्तर में 24 घंटे में आठ सेंटीमीटर की कमी आई है। जहां बढ़ते जलस्तर को लेकर विभागीय अधिकारी तथा क्षेत्रीय जन परेशान थे, वहीं जलस्तर में आठ सेंटीमीटर की कमी से लोगों ने राहत की सांस ली है।
सहायक अभियंता मनीष राय ने बताया कि 24 घंटे में राप्ती के जलस्तर में आठ सेंटीमीटर की कमी आई है। फिर भी जलस्तर की लगातार निगरानी कराई जा रही है।ी