शनिवार को जलस्तर 77.10 सेंटीमीटर पहुंच गया
शुक्रवार को 76.24 सेंटीमीटर था
-बढ़ते जलस्तर को लेकर ग्रामीण चिंतित
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी का जलस्तर चौथे दिन 77 सेंटीमीटर बढ़ गया है। शनिवार की दोपहर में जलस्तर 77.10 सेंटीमीटर पर पहुंच गया। लाल निशान से महज 2.4 सेंटीमीटर नीचे राप्ती नदी बह रही है। बता दें कि शुक्रवार को जलस्तर 76.24 सेंटीमीटर पर था। जलस्तर बढ़ने से ड्रेनेज खंड विभाग की चिंता बढ़ गई। तटबंध पर रेनकट अभी भी बरकरार है।
मेंहदावल विकास खंड के पूर्वी उत्तरी क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी का जलस्तर जहां शुक्रवार को 76.24 सेंटीमीटर मापा गया था। जलस्तर में दो दिनों से गिरावट आ रही थी। जिसे लेकर विभागीय अधिकारी राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन शनिवार को सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर जब मापा गया तो नदी 77 मीटर पर पहुंच गई। लगभग 66 सेंटीमीटर जल स्तर बढ़ने से विभागीय अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। जबकि खतरे का निशान 79.50 मीटर है। तटबंध पर रेनकट की मौजूदगी बांध को कमजोर साबित कर रही है।
क्षेत्रीय ग्रामीण ड्रेनेज खंड के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। नौगो और बिशनपुर बांगर में जलस्तर तटबंध के करीब पहुंच गया है। यही हाल अति संवेदनशील कटान स्थल बेलौली का भी है। लगातार जलस्तर बढ़ रहा है विभागीय अधिकारी तटबंध पर डेरा डाले हुए हैं। आवश्यकता अनुसार बाढ़ निरोधक कार्य भी कराए जा रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ रहा जलस्तर विभाग के लोगों को परेशान कर रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीण भी बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता में है।
पहाड़ पर भी बारिश हो रही है, इसी कारण जलस्तर में वृद्धि हो रही है। तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। आवश्यकता अनुसार बाढ़ निरोधक कार्य कराए जा रहे हैं। जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है, चिंता की कोई बात नहीं है।
- वीरेंद्र यादव, अवर अभियंता