संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। पीएम श्री विद्यालय गोइठहां परिसर में बृहस्पतिवार को सांथा ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें 42 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सफल बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय करमां कला की रंजना और मेंहदावल के आयुष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बीईओ जनार्दन यादव ने बताया कि विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड आयोजित किया गया है। इसमें बच्चों ने प्रतिभाग कर प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
एआरपी गणित अनुराग गुप्ता व विज्ञान राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड में हर यूपीएस और कंपोजिट विद्यालयों के श्रेष्ठतम दो विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। बच्चों की गणितीय समझ, तार्किक क्षमता, गणना कौशल, समस्या समाधान की योग्यता का आकलन किया गया।
रंजना ने अपनी प्रतिभा और विषय पर मजबूत पकड़ का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। रमवापुर मिश्र के आदित्य और दीपक ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय, यूपीएस देवकली की निधि चौधरी चौथे स्थान और कंपोजिट विद्यालय बरगदवा माफी के सुहेब को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
परीक्षा परिणाम के श्रेष्ठतम 10 बच्चों को प्रशस्तिपत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एआरपी विजय पांडेय, उमाशंकर शुक्ला समेत कई मौजूद रहे। इसी प्रकार मेंहदावल बीआरसी सभागार में भी ओलंपियाड परीक्षा आयोजित हुई। एआरपी गणित प्रफुल्ल त्रिपाठी और बीईओ गरिमा यादव ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय समदा के आयुष यादव, तुलसीपुर के आदित्य, गगनई बाबू के बृजेश, नारायनपुर के सक्षम गुप्ता व उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलौली की जान्हवी क्रमशः पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
ब्लॉक स्तर पर उत्तीर्ण प्रतिभागियों को 23 अक्टूबर को डायट पर आयोजित जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड में प्रतिभाग करेंगे।