संतकबीरनगर। बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही खलीलाबाद-बांसी रेल लाइन के निर्माण की रफ्तार सुस्त पड़ने लगी है। इससे इस परियोजना के समय पर पूर्ण होने में देरी हो सकती है। वजह यह है कि बारिश के चलते कहीं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई तो कहीं पटरी बिछाने के लिए मिट्टी मिलने में समस्या आ रही है।
इसी प्रकार की स्थिति खलीलाबाद- मगहर के बीच में तीसरी रेल लाइन के निर्माण की भी है। यहां पर अभी रेल लाइन के किनारे नाले का निर्माण शुरू कराया गया है, लेकिन बारिश इसमें खलल डाल रही है।
खलीलाबाद- बांसी रेल मार्ग को दिसंबर 2026 में पूर्ण कराना है। पुल और रेल लाइन के लिए मिट्टी भराई का काम करा रही कंपनी को सबसे ज्यादा मिट्टी न मिलने से परेशान होना पड़ रहा है। हालांकि अभी दूर से लाकर मिट्टी किसी तरह से डाली जा रही है, लेकिन बारिश का सिलसिला बना रहा है तो मिट्टी मिल पाना संभव नहीं होगा, इससे कार्य प्रभावित होगा।
54 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के निर्माण में कई कंपनियां लगी हुई हैं। खलीलाबाद के पास मलोरना से देवडाड़ तक 9.4 किमी तक का काम जेपीडब्ल्यू इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड करा रही है। कंपनी को इस दूरी में ग्रामीण सड़कों पर कुल 10 पुल बनाना हैं, जिसमें पांच पुल का काम पूरा हो गया है। तीन जगहों पर काम चल रहा है।
अतरौरा में स्थापित इकाई के सहायक परियोजना प्रबंधक शलभ सिंह ने का कहना है कि मलोरना, सूगापंखी, चांदीडीहा, बारीगांव और मकदुमपुर में पुल बनाने का काम पूरा हो गया है। सरैया, देवडाड़ और चांदडीहा में एक अन्य पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। दूसरी तरफ खलीलाबाद से मगहर तक तीसरी रेल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। आबादी वाले क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर दीवार व नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, लेकिन बारिश होने से कार्य प्रभावित हो गया है।
सांथा प्रतिनिधि के अनुसार खलीलाबाद से बहराइच तक नई रेल परियोजना के प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक कार्य होना है। दो माह से निर्माण कार्य में तेजी बनी हुई थी, लेकिन मानसून की शुरुआत से निर्माण कार्य में रुकावट आने लगी है। खासकर मिट्टी पटाई का कार्य प्रभावित हुआ है।
000000000000000000000
खलीलाबाद-बांसी के बीच बनेंगे चार रेलवे स्टेशन
खलीलाबाद-बांसी के बीच चार स्थानों पर रेलवे स्टेशन का निर्माण कराया जाना है। इसमें बखिरा क्षेत्र में काम में चल रहा है। इस रेल परियोजना के तहत बखिरा के गौरा गांव में रेलवे स्टेशन का निर्माण रहा है। नींव तक पिलर का काम पूरा कर लिया गया है। इसी तरह गौरा से समदा गांव तक रेल पटरी बिछाने के लिए मिट्टी गिराकर उसे समतल करा दिया गया है। गौरा गांव के पास अंडरपास का भी काम पूरा कर लिया गया है। वहीं खलीलाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्विस लेन का काम चल रहा है। मानसून सक्रिय होने के बाद कार्य में इंतजार बढ़ सकता है।