- एक अस्पताल में मार्च 2024 में ही खत्म हो गया था पंजीकरण
संतकबीरनगर। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को डीएम के निर्देश पर हैंसर बाजार में निजी अस्पतालों पर छापा मार कार्रवाई की गई। इस दौरान कमियां मिलने पर दो अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर एसडीएम न्यायिक धनघटा एचआर तिवारी, अपर सीएमओ डॉ. रामरतन, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली की टीम ने हैंसर बाजार में निजी अस्पतालों पर छापा मारा। सृष्टि हास्पिटल की जांच की तो वहां 10 बेड का पंजीकरण मिला, लेकिन बेड पूरे नहीं थे। बेड पर चादर नहीं थी। ओपीडी में दो कमरे थे। ओटी की व्यवस्था पूर्ण नहीं थी। कोई भी मरीज भर्ती नहीं मिला।
अस्पताल में कोई भी जीएनएम नहीं मिली। इसके बाद अर्नव मेडिकल सेंटर की जांच की। वहां आयुष चिकित्सक मिले। कोई भी मरीज भर्ती नहीं था। पंजीकरण मार्च 2024 में ही समाप्त हो गया था। अपर सीएमओ डॉ. रामरतन ने बताया कि दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। 15 दिन के अंदर व्यवस्था पूर्ण कर जवाब देने को कहा गया है। अगर ऐसा नहीं करते है तो अस्पताल की सीलबंद कार्रवाई की जाएगी।