पूर्वांचल बैंक की राजेडीहा शाखा पर रकम लेनदेन के लिए पहुंचे लोग। लेकिन यहां दिनभर ताला लटका रहा।
- फोटो : अमर उजाला
पुुुराने बड़े नोटों के चलन से बंद होने और कैश की कमी से ग्राहकों की मुसीबतें बढ़ गईं हैं। गुरुवार को आलम यह रहा कि कैश से पूर्वांचल बैंकों की शाखाएं खाली रही। पूर्वांचल की 51 शाखाओं में से 25 शाखाएं तो बंद रही। जबकि शेष 26 में सिर्फ जमा और खाता आदि खोलने का काम हुआ।
डीएम सुरेश कुमार की तरफ से जिले को 100 करोडृ उपलब्ध कराए जाने की मांग आरबीआई से तीन बार पत्र भेज कर की जा चुकी है,बावजूद इसके अभी तक एक बार सिर्फ 20 करोड़ रुपये मिले हैं। ग्रामीण इलाकों में पूर्वांचल बैंक ही अन्य कई बैंकों में भी पैसे की कमी महसूस की गई। जिसकी वजह से भुगतान नहीं हुआ तो ग्राहक धनघटा और सांथा क्षेत्र में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया। ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम भी जवाब दे गए हैं। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी ने बताया कि जिले में पूर्वांचल बैंक की कुल 51 शाखाएं है। तीन दिनों से जिले को कुछ भी कैश नहीं मिल पाया है। जिसकी वजह से बुधवार को जहां 17 शाखाएं बंद रही, वहीं गुरुवार को 25 शाखाएं बंद रहीं। शेष 26 शाखाओं जो खुली रहीं, वहां सिर्फ जमा और खाते खोलने आदि काम हुआ। जहां पुलिस का सहयोग मिला है, वहीं शाखा प्रबंधकों ने बैंक खोल कर पैसा जमा कराया है। 19 और 22 नवंबर को लोहरौली शाखा पर ग्राहकों ने बाहर से ताला बंद कर दिया और ईट पत्थर तक कर्मियों पर चलाया था। जबकि 22 नवंबर को ही दोनोकुईयां में भी ऐसा ही हाल था। इस बारे में प्रधान कार्यालय को सूचना भी उनके स्तर से भेजी गई थी।
पूर्वांचल बैंक की शाखाओं को कैश बैंक के प्रधान कार्यालय तारामंडल गोरखपुर के रोकड़ से और स्टेट बैंक से उपलब्ध होता है। बैंक का उच्च प्रबंधन रोकड़ की व्यवस्था में जुटा हुआ है। वैसे प्रति दिन वितरण के लिए पांच करोड़ रुपये की जरूरत है, लेकिन अब तक 50 लाख से अधिक नहीं मिल पाया है। पांच करोड प्रतिदिन उपलब्ध कराए जाने की डिमांड भी प्रधान कार्यालय से की जा चुकी है। कैश की कमी की वजह से उपभोक्ताओं में या तो 1000 या फिर 2000 रुपये वितरण हो रहा था,जो अब ठप हो है।
वैसे शादी के लिए ढाई लाख देने का निर्देश है ,लेकिन कैश की कमी से उन्हें भी 10,000 रुपये तक ही दिया गया। अब तक 500 से अधिक शादी वाले परिवार ढाई लाख दिए जाने की मांग कर चुके है। व्यवस्था सुधारने के लिए बैंक कर्मी 12 बजे रात तक काम काज किया। पुलिस अधिकारियों से बैक की शाखाओं और कर्मियों की सुरक्षा की मांग की है।
एसपी विक्रमादित्य सचान ने बताया कि सभी एसओ को निर्देश दिए गए है कि बैंकों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखें। साथ में यह भी हिदायत दी गई कि परेशान ग्राहकों के साथ भी पुलिस संवेदनशील रवैया अपनाएं।