रकम की किल्लत से लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को तीन स्थ्ाानों पर लोगों ने जाम लगा दिया। वहीं पूर्वांचल बैंक की सभी 51 शाखाएं बंद रहीं।
सांथा प्रतिनिधि के अनुसार, एसबीआई की सांथा शाखा पर भुगतान न होने से गुस्साए लोगों ने सांथा-नंदौर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे एक घंटे आवागमन बाधित रहा। रामकिशुन, नागेंद्र कुमार, सरताज अहमद, राम सुभग, धर्मेंद्र चौधरी, सकुरुन्निशा, कलावती देवी, मंसीरा, गुजराती देवी, मीना देवी आदि ने बताया कि बैंक से भुगतान पाना काफी मुश्किल हो गया। बैंक कर्मी कैश नहीं होने का जिक्र करते हुए पल्ला झाड़ ले रहे है,जो लोग सुबह से कतार में लगे रहे है,उनका धैर्य जबाब दे रहा और जाम की स्थिति आ रही है। शाखा प्रबंधक संजय सिंह ने बताया कि कैश मिलते ही ग्राहकों को भुगतान दिया जाएगा।
मात्र कुछ पैसों के लिए कतार में लगना पड रहा है, लेकिन जब यहां पहुंचते हैं तो कर्मचारी कैश नही होने की बात कह कर लौटा दे रहे है। जिम्मेदार भी बैंक की जांच नहीं कर रहे हैं। शाखा प्रबंधक एच पी तिवारी ने बताया कि पैसा नही आने के कारण दिक्कत आ रही है, जो धन उपलब्ध होता है, उसकी निकासी की जा रही है। लोगों के आक्रोश के कारण मजबूरन बैंक को बंद कर अधिकारियों को सूचित कर दिया गया।
हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार, शुक्रवार को पीएनबी उमरिया बाजार पर बैंक कर्मी पहुंचे ही नहीं, पूरे दिन बैंक में ताला लटकता रहा और उपभोक्ता बैंक का चक्कर काटते रहे। शाखा प्रबंधक आर के सिंह ने बताया कि गुुरुवार को कैश न मिलने से नाराज उपभोक्ता बैंक में बाहर से ताला लगाकर हंगामा किया। ताला बंद होने के कारण पूरा स्टाफ तीन बजे तक बैंक के अंदर कैद रहा। कैश के लिए दो दिन से गोरखपुर का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कैश नही मिल पा रहा है। अधिकारियों को वस्तु स्थिति से अवगत कराने के बाद बैंक बंद किया गया है। एक दिन में 20 से 30 लाख रुपये वितरण के लिए मिले तब जाकर सभी ग्राहकों को भुगतान कर मिलेगा। समझाने पर जनता मान नही रही है। ऐसे में बैंक खोलना जान को जोखिम में डालना होगा।
बेलहर प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई बेलहर की शाखा बंद होने पर ग्राहकों ने हंगामा किया। प्रदीप मौर्य, राम लगन, शिव प्रसाद प्रजापति, रत्तीलाल, चांदनी देवी, चंद्रकला देवी ने बताया कि भुगतान नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। शाखा प्रबंधक बीपी त्रिपाठी ने बताया कि जब तक कैश नहीं मिलेगा, तब तक शाखा बंद रखना विवशता है। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को कैश नहीं होने से उनकी सभी 51 शाखाएं बंद रहीं।
लगातार दो दिनों कैश की किल्लत से भुगतान नहीं दे पाने से बैंक कर्मी परेशान है। कई शाखा प्रबंधकों ने कैश की किल्लत की वजह से ग्राहकों से उत्पन्न होने वाले विवाद की आशंका से शाखा खोलने में असमर्थता जता दी है। शनिवार के लिए भी कैश नहीं मिल पाया है। ऐसे में शाखाओं के बंद रहने के पूरे आसार हैं। लीड बैंक मैनेजर के जी तिवारी ने बताया कि कैश की किल्लत लगातार बनी हुई है। जिसकी वजह से समस्या है। वैसे शनिवार शाम तक कैश मिलने की उम्मीद है, जिससे सोमवार से समस्या में सुधार आने की पूरी संभावना है।