संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक के तेनुआमाफी गांव में चल रही चकबंदी में कुछ लोगों के जरिए हस्तक्षेप कर बंद कराने की सूचना पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में चकबंदी प्रकिया शुरू करने की मांग की।
गांव के पूर्णमासी, राज कुमार, महेंद्र कुमार, बैजनाथ, शिव प्रसाद, हरिद्वार, भागीरथी, जयहिंद आदि का कहना है कि गांव के कुछ लोग अवैध कब्जा पिछले 50 वर्ष से किए हुए है। वे लोग चकबंदी का विरोध कर रहे हैं।
बहुत लोगों पर दबाव बनाकर फार्म 5 अपने पास रख लिए हैं। 10 दिसंबर को वोटिंग में चकबंदी के विरोध में दबाव बनाकर वोट करवाया गया है। चकबंदी के विरोध में अवैध कब्जाधारी लोग दो बार उच्च न्यायालय जा चुके है।
जिनका वाद निरस्त किया जा चुका है। उच्च न्यायालय के निर्देश पर ही चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि गांव के अवैध कब्जे की जांच कराकर कब्जा खाली कराया जाए।
गांव के उचित विकास के लिए चकबंदी प्रक्रिया को चालू रखा जाए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ एवं सुविधाएं गांव के लोगों को मिल सके। इस दौरान मधुबन, हरिलाल, मुनीम, गोलू कुमार, रामलौट आदि मौजूद रहे।