बाघनगर-भाटपारा बुढ़ाननगर मार्ग पर जल निकासी न हाने से और टूटी पुलिया बनवाने की मांग को लेकर गांव ?
- फोटो : KHALILABAD
टूटी पुलिया की मरम्मत के लिए प्रदर्शन
गांव के लोगों ने कहा- पुलिया टूटने से आवागमन हो गया है बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लॉक के भाटपारा गांव स्थित टूटी पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर बुधवार को गांव के लोगों ने पुलिया के पास प्रदर्शन किया। गांव के लोगों ने कहा कि पुलिया टूट जाने से आवागमन बंद हो गया है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बाघनगर-भाटपारा मार्ग पर भाटपारा के पास पुलिया टूट गई है। कोई हादसा न हो पाए इसको ध्यान में रखकर ग्राम प्रधान ने बांस बल्ली लगा दी है। गांव वालों का कहना है कि मार्ग पर छह माह पहले गिट्टी डालकर लेपन कार्य कराया गया था, लेकिन टूटी पुलिया वैसे छोड़ दो गई। गांव वालों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान चार पहिया वाहनों को आने जाने की दिक्कत को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मिट्टी डालकर कर टूटी पुलिया को पाट दिया। पुलिया पाट दिए जाने से गांव में जल निकासी की समस्या हो गई। जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए टूटी पुलिया में पाटी गई मिट्टी निकाल दी। पुलिया से मिट्टी निकाल दिए जाने से चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। गांव के मोहम्मद दीन, मोहम्मद हुसैन, राम सूरेश, दीनबंधु मौर्य, लक्ष्मण, नफीस अहमद, हजरत बेलाल आदि ने बताया कि रास्ता बंद होने से निपनिया, बुढ़ाननगर, इटकोहवा, वासिन, पुरवां आदि गांवों के राहगीर परेशान हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खेती करने वालों की है। गांव के सीवान में इसी रास्ते से आना-जाना रहता है। अगर रास्ता ठीक नहीं कराया गया तो ट्रैक्टर खेत तक नहीं जा सकेगा। प्रधान प्रतिनिधि जावेद अहमद ने बताया कि प्रशासन ने रास्ता व पुलिया ठीक कराने का आश्वासन दिया था। सड़क निर्माण तो हो गया लेकिन पुलिया निर्माण कार्य नहीं हो सका है। पीडब्ल्यूडी विभाग एक्सईएन राजेश निगम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जेई को भेज कर रिपोर्ट मांगी जाएंगी।