कार्य योजना व टीमें तैयार, वैक्सीन का अब भी है इंतजार
एक जुलाई से क्लस्टरवार होना है कोविड टीकाकरण
1637 राजस्व गांवों में बनाए गए हैं 116 क्लस्टर
वैक्सीन की खेप न पहुुंचने से अभियान की शुरुआत पर लगा ग्रहण
संतकबीरनगर। गांवों में टीकाकरण की मुहिम तेज करने के लिए शासन ने एक जुलाई से पूरे माह क्लस्टर बनाकर बड़े पैमाने पर विशेष टीकाकरण अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए स्वास्थ्य महकमे ने कार्ययोजना तैयार कर ली है और टीमें भी वैक्सीनेशन के लिए तैयार हैं, लेकिन वैक्सीन का इंतजार हो रहा है। ऐसे में अभियान की शुरुआत पर ग्रहण लगता दिख रहा है।
जिले के नौ ब्लॉकों में कुल 1637 राजस्व गांव हैं। इसमें खलीलाबाद में 197, पौली में 112, नाथनगर में 254, सांथा में 162, सेमरियावां में 190, मेंहदावल में 162, हैंसर बाजार में 212, बेलहरकला में 149 तथा बघौली में 199 राजस्व गांव शामिल हैं। विशेष टीकाकरण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 116 क्लस्टर बनाया है, इसमें खलीलाबाद में 13, पौली में 12, नाथनगर में 13, सांथा में 13, सेमरियावां में 12, मेंहदावल में 12, हैंसर बाजार में 13, बेलहरकला में 12, बघौली में 10 तथा अरबन में छह क्लस्टर बनाए गए हैं। पूरे माह चलने वाले टीकाकरण अभियान के लिए कुल 1756 सेशन की प्लानिंग की गई है, इसमें खलीलाबाद में 197, पौली में 171, नाथनगर में 216, सांथा में 144, सेमरियावां में 223, मेंहदावल में 140, हैंसर बाजार में 260, बेलहरकला में 147, बघौली में 187 तथा अरबन में 71 सेशन शामिल हैं। इसके लिए 240 वैक्सीनेटर की जरूरत है, इसके सापेक्ष 353 वैक्सीनेटर की व्यवस्था है। टीकाकरण के लिए माइक्रो प्लान भी तैयार हो चुका है और गांव के लोगों को भी उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही कोविड टीका लग जाएगा, लेकिन एक जुलाई से शुरू होने वाले इस अभियान की शुरुआत में झटका लग गया है। कारण यह है कि अभी तक वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं हो पाई है। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि क्लस्टरवार कोविड टीकाकरण की शुरुआत एक जुलाई से होनी है, लेकिन अभी तक वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। वैक्सीन प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जैसे ही वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी, अभियान शुरू करा दिया जाएगा। (संवाद)